बिना वैध कागजात कोयला ले जा रहे तीन चालक गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
लातेहार: अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लातेहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने बिना वैध दस्तावेज के अवैध रूप से कोयला परिवहन कर रहे तीन ट्रकों को जब्त करते हुए तीन चालकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को हेरहंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए थाना कांड संख्या-25/26 के तहत तीन ट्रकों को अवैध कोयला परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जब्त किए गए ट्रकों के नंबर JH02AX-3022, JH02AJ-5519 और JH02AT-0155 हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रकों पर लदे कोयले से संबंधित कोई भी वैध कागजात चालक प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया और मामले में कार्रवाई शुरू की।
इस मामले में गिरफ्तार चालकों की पहचान मुकेश यादव, मुखलाल यादव और उदय कुमार यादव के रूप में हुई है। तीनों आरोपी चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।





















Total Users : 1187190
Total views : 3022148