पूर्व मंत्री बोले– जनसेवा, शिक्षा और राष्ट्रभक्ति के आदर्शों से मिलती रहेगी नई पीढ़ी को प्रेरणा
हंटरगंज (चतरा)। चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड स्थित आरएनएम कॉलेज, शालिग्राम रामनारायणपुर परिसर में बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व विधायक एवं प्रख्यात समाजसेवी स्वर्गीय बाबू शालिग्राम सिंह की पुण्यतिथि श्रद्धा, सम्मान और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता तथा लोकसभा के पूर्व सांसद प्रत्याशी डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने स्व. बाबू शालिग्राम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बाबू शालिग्राम सिंह का जीवन त्याग, संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और जनसेवा का अनुपम उदाहरण था। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा आजादी के बाद शिक्षा, समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में अपना जीवन समर्पित कर दिया।

वक्ताओं ने कहा कि स्व. शालिग्राम सिंह ने हमेशा ईमानदारी, सादगी और सेवा को अपने सार्वजनिक जीवन का मूल मंत्र बनाया। उन्होंने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम मानते हुए क्षेत्र में शैक्षणिक संस्थानों के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया, जिसका लाभ आज भी हजारों छात्र-छात्राओं को मिल रहा है।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने भी उनके सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षणिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बताए आदर्श आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गौतम सागर राणा, बिहार विधान परिषद के पूर्व सदस्य प्रवीण सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, प्रो. जनेन्द्र कुमार सिंह, समाजसेवी प्रेम सिंह, पूर्व प्रमुख कमल कुमार केशरी, पूर्व प्राचार्य तेज नारायण सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार, मुखिया ब्रजकिशोर सिंह, प्रो. सरोज कुमार सिंह, हरीश श्रीवास्तव, प्रखंड अध्यक्ष देवलाल यादव, मुखिया सर्वेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, बुद्धिजीवियों एवं समाजसेवियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने, समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा का वातावरण बना रहा।





















Total Users : 1089015
Total views : 2896031