40 किमी/घंटा से अधिक गति पर दौड़ रहे 6 वाहन जब्त, जीपीएस निगरानी और ब्लैकलिस्ट की होगी कार्रवाई
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया अनुमंडल क्षेत्र में निर्धारित 40 किलोमीटर प्रति घंटा की गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार महतो एवं जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी यादव के नेतृत्व में संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गति सीमा का उल्लंघन करने वाले छह वाहनों को जब्त किया गया।
कार्रवाई से पूर्व अनुमंडल कार्यालय, सिमरिया में अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीसीएल आम्रपाली, एनटीपीसी केरेडारी, चट्टीबरियातु एवं टंडवा परियोजना के प्रतिनिधियों, ट्रांसपोर्टरों, अंचल अधिकारी तथा थाना प्रभारी सिमरिया सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में सभी कंपनियों एवं ट्रांसपोर्टरों को निर्देश दिया गया कि निर्धारित 40 किमी प्रति घंटा की गति सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही एनटीपीसी केरेडारी, चट्टीबरियातु, टंडवा परियोजना तथा सीसीएल आम्रपाली को अपने वाहनों का जीपीएस डेटा प्रतिदिन प्रशासन के साथ साझा करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जीपीएस डेटा के आधार पर निर्धारित सीमा से अधिक गति से चलने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बार-बार नियम तोड़ने पर लाइसेंस रद्द करने तक की होगी कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी माहेश्वरी यादव ने बताया कि गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहनों को एक सप्ताह के लिए ब्लैकलिस्ट किया जाएगा तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बार-बार तेज गति से वाहन चलाने वाले चालकों का दोबारा ड्राइविंग टेस्ट लिया जाएगा। यदि चालक परीक्षा में असफल पाए जाते हैं तो उनका ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।























Total Users : 1069370
Total views : 2868112