खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश, अधिकारियों से मांगी समयबद्ध कार्ययोजना
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को रांची के खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शूटिंग रेंज की आधारभूत संरचना, रखरखाव, आधुनिक उपकरणों, सुरक्षा मानकों, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा प्रशिक्षण व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परिसर की बदहाल स्थिति पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस मौके पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने 10 मीटर, 25 मीटर एवं 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण करते हुए प्रशिक्षण व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता तथा खिलाड़ियों के अभ्यास संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वर्तमान व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है और यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। ऐसे में खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण एवं अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस पहल की जाए, ताकि वे अपनी प्रतिभा का पूर्ण विकास कर सकें।
उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम है। राज्य सरकार खेल अवसंरचना के विकास, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने शूटिंग रेंज के समग्र विकास के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसे लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुरूप सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही शूटिंग रेंज में स्थापित उपकरणों के रखरखाव एवं आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान स्वयं शूटिंग राइफल से निशाना साधकर रेंज का अनुभव लिया। उन्होंने वहां अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से बातचीत कर प्रशिक्षण और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी प्राप्त की।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने परिसर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए फायर एक्सटिंग्विशर एवं फायर हाइड्रेंट की मॉक ड्रिल नियमित रूप से कराने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।























Total Users : 1059453
Total views : 2854631