बिरहोर कॉलोनी, स्वास्थ्य केंद्र और निर्वाचन कार्यों का लिया जायजा, जनसेवाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
चतरा: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने शनिवार को लावालौंग प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, कर्मियों की उपस्थिति, निर्वाचन संबंधी कार्यों तथा स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत प्रखंड सह अंचल कार्यालय से हुई, जहां उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की। इस दौरान प्रखंड के कनीय अभियंता की उपस्थिति दर्ज नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर विभागवार संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर कार्यालय पहुंचकर नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करें तथा कार्यालयीन अनुशासन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय आमजनों की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे में कार्यालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय, अंचल अधिकारी कार्यालय, कंप्यूटर ऑपरेटर कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। साथ ही कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्था का भी जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक चल रहे इन्यूमरेशन (गणना) कार्य का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने पांकी रोड स्थित बिरहोर कॉलोनी पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे प्रपत्र संकलन एवं गणना कार्य का अवलोकन किया तथा शत-प्रतिशत शुद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बिरहोर कॉलोनी में उपायुक्त ने ग्रामीणों एवं बिरहोर समुदाय के लोगों से संवाद कर सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली और वहां उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र के जर्जर भवन की मरम्मत कराने की मांग रखी, जिस पर उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी बिपिन भारती को स्थल निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लावालौंग का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवा भंडारण, महिला वार्ड, प्रसव कक्ष एवं शौचालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए उन्होंने सिविल सर्जन डॉ. सतेंद्र कुमार सिन्हा को आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता निर्वाचन संबंधी कार्यों के साथ-साथ आमजन को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बिपिन भारती, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सह सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर शशिकांत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
























Total Users : 1054284
Total views : 2847313