चालक को आई झपकी बनी हादसे की वजह, मरीज और चालक सुरक्षित
हंटरगंज (चतरा): प्रखंड के दंतार गांव में शनिवार की अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। दंतार स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय के समीप एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर विद्युत ट्रांसफार्मर के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में एम्बुलेंस चालक और उसमें सवार मरीज बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में मरीजों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एम्बुलेंस गया के मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल से एक मरीज को तेलियौना गांव छोड़ने के बाद दो अन्य मरीजों को लेकर वापस गया लौट रही थी। इसी दौरान दंतार गांव स्थित राजकीय बुनियादी विद्यालय के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे विद्युत ट्रांसफार्मर के खंभे से जा टकराया।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
ग्रामीणों ने बताया कि जिस ट्रांसफार्मर के खंभे से एम्बुलेंस टकराई, उसमें उस समय बिजली प्रवाहित नहीं हो रही थी। यदि ट्रांसफार्मर चालू रहता, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था। स्थानीय लोगों ने वाहन चालकों से लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करने तथा थकान या नींद महसूस होने पर वाहन रोककर विश्राम करने की अपील की, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।























Total Users : 1054285
Total views : 2847315