स्कूल में शराबखोरी, तोड़फोड़ और उत्पात से मचा हड़कंप, आपात बैठक में उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
गिद्धौर (चतरा): शिक्षा के मंदिर को असामाजिक तत्वों द्वारा शराबखोरी और उत्पात का अड्डा बनाए जाने का मामला सामने आया है। गिद्धौर प्रखंड की द्वारी पंचायत स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बलबल में कुछ शराबियों द्वारा लगातार शराब पीने, तोड़फोड़ करने और विद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को पंचायत के मुखिया जगदीश यादव की अध्यक्षता में एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया तथा विद्यालय परिसर में हो रही असामाजिक गतिविधियों पर गहरी चिंता जताई।
ग्रामीणों ने बताया कि अज्ञात असामाजिक तत्व विद्यालय परिसर में बैठकर शराब का सेवन करते हैं और शराब की खाली बोतलें विद्यालय के बरामदे में छोड़ जाते हैं। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने विद्यालय के रसोईघर (किचन) का ताला तोड़ दिया तथा अंदर लगे पानी पंप के नल को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए उपयोग होने वाले चूल्हे को भी तोड़ दिया गया, जिससे विद्यालय में बच्चों के भोजन संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
बैठक में उपस्थित लोगों ने कहा कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र है, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व इसे शराबियों का अड्डा बनाकर शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विद्यालय परिसर में उत्पात मचाने वाले और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को चिन्हित कर प्रशासन के हवाले किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। ग्रामीणों ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन से विद्यालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। ग्रामीणों का मानना है कि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो शिक्षा का वातावरण प्रभावित होगा और बच्चों के भविष्य पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा। बैठक में विद्यालय के शिक्षक, पंचायत प्रतिनिधि एवं दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।




















Total Users : 1033299
Total views : 2817630