लोहरदगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-cum-सचिव मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड के निर्देशानुसार शनिवार को लोहरदगा जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत ‘Unmapped’ (अचिह्नित) मतदाताओं की सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इसके साथ ही ऐसे मतदाताओं को सूचीबद्ध करने के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष मैपिंग शिविर का भी आयोजन किया गया।
इस विशेष अभियान की जमीनी हकीकत जानने के लिए जिले के आला अधिकारियों ने विभिन्न बूथों का औचक निरीक्षण किया। उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रमोद दास ने मतदान केंद्र संख्या 263, 286, 287, और 290 से 294 तक का गहन निरीक्षण किया। वहीं दूसरी ओर, अनुमण्डल पदाधिकारी (SDO) अमित कुमार ने सलगी पंचायत के अंतर्गत आने वाले मतदान केंद्र संख्या 75, 76, 77 एवं 78 का जायजा लिया। इसके अलावा सभी एइआरओ (AERO) भी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहे।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं, प्राथमिकता पर होगी मैपिंग: उप निर्वाचन पदाधिकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, सुधार करने, हटाने (विलोपन) और सत्यापन कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन भी मतदाताओं का विवरण ‘Unmapped’ श्रेणी में है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत मैप किया जाए। उन्होंने बीएलओ को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से काम करने तथा हर एक योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने को कहा।
2003 की वोटर लिस्ट में ऐसे ढूंढें अपना नाम
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने के लिए निर्वाचन आयोग ने बेहद आसान डिजिटल सुविधा दी है। आम नागरिक स्वयं वोटर सर्विस पोर्टल https://voters.eci.gov.in/ पर जाकर “Search Your Name in Last SIR” विकल्प के जरिए अपने नाम की स्थिति की जांच कर सकते हैं। बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे ग्रामीण स्तर पर इस डिजिटल सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि लोग खुद भी जागरूक हो सकें।
कल (24 मई) भी खुला रहेगा शिविर
इसके अतिरिक्त, उप निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को ASDD (Absent, Shifted, Dead, Duplicate) सूची को पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से तैयार करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने बूथों पर मौजूद आम जनता से भी सीधे संवाद किया और उनसे अपने नाम व पते का सत्यापन कराने की अपील की।
बता दें कि Unmapped मतदाताओं की मैपिंग का यह विशेष कार्य रविवार, 24 मई 2026 को भी जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सुचारू रूप से जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय निर्वाचन कर्मी, बीएलओ सुपरवाइजर और अन्य अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।





















Total Users : 981492
Total views : 2747724