दबोचे गए तस्कर; सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई कार्रवाई, चतरा और चापी के रहने वाले हैं आरोपी
हजारीबाग/चतरा | न्यूज स्केल लाइव
हजारीबाग पुलिस ने नशा माफिया और अवैध मादक पदार्थों के अंतर-जिला सिंडिकेट के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। चतरा और बिहार सीमा से जुड़े शातिर तस्करों की घेराबंदी करते हुए पुलिस ने तीन ड्रग्स तस्करों को भारी मात्रा में प्रतिबंधित ब्राउन शुगर (Brown Sugar) के साथ गिरफ्तार किया है। इस बड़ी कार्रवाई की पुष्टि शनिवार को सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अमित आनंद ने प्रेस वार्ता के दौरान की।
एसपी अमन कुमार को मिली गुप्त सूचना पर बिछा जाल
दरअसल, हजारीबाग एसपी अमन कुमार को पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र के जिब्राल्टर हाउस दीपूगढ़ा के पास कुछ तस्कर ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री (डीलिंग) के लिए जुटने वाले हैं। सूचना के तत्काल सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसपी ने सदर एसडीपीओ अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष मादक पदार्थ विरोधी छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने बताए गए ठिकाने पर अचानक दबिश देकर डील कर रहे तीनों तस्करों को चारों तरफ से घेरकर रंगेहाथ धर दबोचा।
चतरा निवासी मामा के घर रह रहे थे आरोपी; लक्जरी गाड़ियां बरामद
पुलिस टीम द्वारा पकड़े गए तीनों आरोपियों की सघन तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से व्यावसायिक मात्रा में नशीला पदार्थ और परिवहन में इस्तेमाल वाहन जब्त किए गए। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान प्रदर्श के रूप में जब्त किए हैं: प्रतिबंधित ब्राउन शुगर: कुल वजन करीब 20.5 ग्राम, स्मार्टफोन: 03 पीस (तस्करी के नेटवर्क में प्रयुक्त) वाहन: 01 कार और 01 मोटरसाइकिल (सप्लाई के लिए इस्तेमाल)
गिरफ्तार तस्करों की पहचान: रौशन कुमार (ग्राम- लोवागड्डा, थाना व जिला- चतरा) सदीप कुमार दांगी (ग्राम- लोवागड्डा, थाना व जिला- चतरा) सौरभ कुमार दांगी (मूल निवासी: ग्राम- चापी, थाना- शेरघाटी, जिला- गया, बिहार; वर्तमान पता: ग्राम लोवागड्डा, चतरा)
पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि ये तीनों आरोपी फिलहाल चतरा निवासी अपने मामा कमल दांगी के घर पर रह रहे थे और वहीं से हजारीबाग व आसपास के क्षेत्रों में ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क संचालित कर रहे थे।
मुख्य सरगना सौरभ दांगी का चतरा से गया तक है आपराधिक इतिहास
सदर डीएसपी अमित आनंद ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से सौरभ कुमार दांगी एक शातिर और पुराना ड्रग पेडलर है। उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व से ही चतरा जिले के गिद्धौर थाना और हजारीबाग के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत पेलावल ओपी में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। इस नए मामले के संदर्भ में हजारीबाग के कोर्रा थाना में कांड संख्या 81/2026 दर्ज करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
इस सफल ऑपेरशन को अंजाम देने वाले छापामारी दल में सदर एसडीपीओ अमित आनंद के साथ पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) शाहिद रजा, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक, पुलिस अवर निरीक्षक निशांत केरकेट्टा, वेद प्रकाश पांडेय, बिट्टू रजक और कोर्रा थाने के सशस्त्र बल के जवान मुस्तैद रहे।






















Total Users : 968731
Total views : 2730893