बाल आश्रय गृह की सुरक्षा में बड़ी चूक; SDO के निरीक्षण में हुआ खुलासा, लापरवाही बरतने वाले गार्ड पर गिर सकती है गाज, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
बिहार के मुजफ्फरपुर से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुसहरी थाना क्षेत्र के नरौली स्थित बाल आश्रय गृह से देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में करीब 10 बच्चे फरार हो गए हैं। इस सामूहिक पलायन की घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही एसडीओ (पूर्वी) तुषार कुमार और मुसहरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर गहन जांच में जुट गई है।
निरीक्षण के दौरान खुली पोल, खिड़की की ग्रिल तोड़कर भागे बच्चे मिली जानकारी के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) तुषार कुमार जब नरौली स्थित बाल आश्रय गृह का औचक निरीक्षण करने पहुंचे, तब इस बात का खुलासा हुआ कि 10 बच्चे वहां से गायब हैं। जिला बाल संरक्षण के सहायक निदेशक अभिषेक कुमार ने बताया कि बच्चों ने कमरे की खिड़की की ग्रिल तोड़ दी और सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए वहां से फरार हो गए। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह बाल आश्रय गृह पहले सिकंदरपुर में संचालित होता था, जिसे हाल ही में 18 अप्रैल को नरौली स्थित वर्तमान भवन में स्थानांतरित किया गया था। शुरुआती जांच में मौके पर तैनात सुरक्षा गार्डों की भारी लापरवाही सामने आ रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बच्चों के भागने के पीछे किसी बाहरी गिरोह का हाथ है या यह केवल प्रबंधन की ढिलाई का नतीजा है।
SSP बोले- ‘जल्द बरामद होंगे सभी बच्चे’ घटना की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि फरार बच्चों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। एसएसपी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल, आश्रय गृह के अधीक्षक की ओर से मुसहरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस की टीम मौके पर कैंप कर कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। एक साथ 10 बच्चों का गायब होना आश्रय गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।
Also Read:खौफनाक वारदात: सनकी पिता ने कुल्हाड़ी से पत्नी, गर्भवती बेटी और जवान बेटे को काट डाला!






















Total Users : 961834
Total views : 2721435