झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत जिला जनसंपर्क कार्यालय की पहल; जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद ने की नशामुक्त समाज के लिए सहयोग की अपील
चतरा। 15 से 28 नवंबर 2026 तक चल रहे झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिला जनसंपर्क कार्यालय, चतरा ने नशीले और मादक पदार्थों के दुष्परिणामों तथा अफीम की अवैध खेती की रोकथाम को लेकर 23 नवंबर से रोस्टर के अनुसार विशेष जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके तहत जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
नाटक के जरिए कलाकारों ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। साथ ही अफीम की अवैध खेती के दुष्प्रभावों और उससे जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी देते हुए लोगों को ऐसी गतिविधियों से दूर रहने और रोकथाम में सहयोग का संदेश दिया गया।
अभियान का उद्देश्य आमजनों, खासकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और अफीम की अवैध खेती के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाना है। सरल और रोचक तरीके से संदेश लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
यह अभियान 28 नवंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जारी रहेगा। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद ने आमजनों से नशामुक्त समाज के निर्माण और अफीम की अवैध खेती की रोकथाम में सक्रिय सहयोग की अपील की है।

















Total Users : 1278119
Total views : 3151447