सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान
गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत प्लस टू उच्च विद्यालय द्वारी में मंगलवार को 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी (HPV) वैक्सीन लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत छात्राओं को जागरूक करते हुए टीकाकरण किया गया। द्वारी स्वास्थ्य उपकेंद्र के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) पिंटू कुमार ने बताया कि 14 एवं 15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन दिया जा रहा है। मंगलवार को विद्यालय में कुल पांच छात्राओं को टीका लगाया गया। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में काफी प्रभावी है। समय पर टीकाकरण कराने से भविष्य में इस बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
Also Read: विवाह समारोह से डीजे साउंड मशीन चोरी, संचालकों को 2.40 लाख का नुकसान
टीकाकरण के दौरान छात्राओं को वैक्सीन के महत्व, स्वास्थ्य सुरक्षा तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति भी विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपनी बच्चियों को समय पर यह टीका अवश्य दिलाएं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने कहा कि इस प्रकार का स्वास्थ्य अभियान छात्राओं के बेहतर भविष्य और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है। मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण, स्वास्थ्यकर्मी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। विद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण वातावरण में टीकाकरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। स्वास्थ्य विभाग का यह अभियान किशोरियों को गंभीर बीमारी से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





















Total Users : 936659
Total views : 2688131