सीडीपीओ ने फीता काटकर किया शुभारंभ
गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के गांगपुर में आंगनबाड़ी केंद्र भाग-1 का उद्घाटन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीडीपीओ अर्चना सिंह ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर सीडीपीओ अर्चना सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं महिलाओं के स्वास्थ्य जागरूकता का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। यहां बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को भी आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र समाज के कमजोर वर्गों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है।
उद्घाटन कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका साबरा खातून, राकेश कुमार, कुमार गुप्ता सहित कई ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। केंद्र के उद्घाटन के बाद ग्रामीणों ने खुशी जताई और कहा कि अब क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ और बेहतर तरीके से मिल सकेगा। ग्रामीणों ने केंद्र के सुचारु संचालन की उम्मीद जताते हुए प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।





















Total Users : 936659
Total views : 2688131