सम्मान समारोह में शॉल और बुके देकर किया गया सम्मानित
इटखोरी (चतरा)। इटखोरी प्रखंड क्षेत्र के नवादा पंचायत अंतर्गत मनदायन गांव निवासी स्वर्गीय ग्रीन सिंह की बड़ी बहू एवं विनोद सिंह की धर्मपत्नी रानी बॉबी कुमारी के बाल विकास परियोजना विभाग में महिला पर्यवेक्षिका पद पर चयन होने पर मां भद्रकाली अनवरत कीर्तन मंडली सह बुंदेल समाज युवा प्रतिभा सम्मान समारोह टीम के सदस्यों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी। इस अवसर पर उपस्थित नवादा पंचायत के मुखिया विकास सिंह ने कहा कि रानी बॉबी कुमारी के महिला पर्यवेक्षिका पद पर चयन होने से पूरा पंचायत गर्वान्वित हुआ है। कम संसाधनों में उन्होंने जो सफलता हासिल की है, वह सराहनीय और प्रेरणादायक है। वहीं समाजसेवी देव कुमार सिंह ने कहा कि समाज की बहू ने घर की जिम्मेदारियों के साथ चौखट लांघकर एक नया इतिहास रचने का कार्य किया है। यह आने वाली युवतियों और महिलाओं के लिए प्रेरणा का बड़ा उदाहरण है।
सूरज सिंह ने कहा कि बेटी की सफलता से माता-पिता खुश होते हैं, लेकिन जब बहू सफल होती है तो दो गांवों में खुशियां मनाई जाती हैं, और आज वही खुशी का माहौल है। शिक्षक विकास सिंह ने कहा कि रानी बॉबी ने कड़ी मेहनत, लगन और जुनून से जो सफलता प्राप्त की है, वह साधारण नहीं बल्कि असाधारण है। उन्होंने साबित कर दिया कि समर्पण और दृढ़ निश्चय से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान टीम के सदस्यों ने रानी बॉबी कुमारी को शॉल और बुके देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर सत्यनारायण सिंह, आकाश सिंह, बबन सिंह, विकास सिंह, प्रवीण सिंह, सूरज सिंह, आलोक सिंह, बिगुल सिंह, ज्वाला सिंह, चंदन सिंह, अमित रंजन सहित अन्य लोग उपस्थित थे। रानी बॉबी की सफलता ने पूरे क्षेत्र की बेटियों और बहुओं के लिए नई प्रेरणा का संदेश दिया है।



















Total Users : 932989
Total views : 2682883