श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, पूरे क्षेत्र में रहा भक्तिमय माहौल
गिद्धौर (चतरा)। प्रखंड क्षेत्र के बरटा गांव स्थित देवी मंडप में पिछले नौ दिनों से चल रहा श्री श्री 1008 श्री शतचंडी महायज्ञ रविवार को हवन-पूजन एवं भंडारे के साथ विधिवत संपन्न हो गया। महायज्ञ के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं आस्था का माहौल बना रहा। इस दौरान देवी मंडप में कथावाचक विदुषी राधा तिवारी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से आए विद्वानों द्वारा इस महायज्ञ में आहुति दी गई। उन्होंने बताया कि मां दुर्गा को शक्ति की देवी कहा जाता है और उन्हें प्रसन्न करने के लिए जिस विशेष यज्ञ विधि को संपन्न किया जाता है, उसे शतचंडी महायज्ञ कहा जाता है।
शतचंडी महायज्ञ में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, परिक्रमा को लेकर विशेष आस्था
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में शतचंडी यज्ञ को अत्यंत शक्तिशाली माना गया है। इस यज्ञ के आयोजन से ग्रहों की प्रतिकूल स्थिति शांत होती है तथा सुख, समृद्धि और शांति की प्राप्ति होती है। साथ ही समाज में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक चेतना का संचार होता है। वहीं यज्ञ समिति के सचिव संदीप दांगी एवं रंजन कुमार ने बताया कि अंतिम दिन विधिवत हवन-पूजन के साथ कन्या भोजन कराया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन कर श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। समापन अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, श्रद्धालु एवं यज्ञ समिति के सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा भाव से यज्ञ में भाग लेकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। नौ दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
Also Read: सड़क हादसा: चतरा-रांची मुख्य मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम! Also Read: हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रक और ट्रेलर में जोरदार टक्कर, भिड़ंत के बाद भड़की आग में धू-धू कर जले दोनों वाहन



















Total Users : 932990
Total views : 2682884