ट्रांसफार्मर से तेल रिसाव व चिंगारी, हादसे की आशंका बढ़ी
हंटरगंज (चतरा)। हंटरगंज प्रखंड के गेंजना पंचायत अंतर्गत नावाडीह गांव में बिजली विभाग की लापरवाही ग्रामीणों के लिए खतरा बन गई है। ट्रांसफार्मर से जुड़ा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गांव के पांच घरों के ऊपर से महज चार फीट की ऊंचाई पर गुजर रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तार छत के बेहद करीब होने के कारण वे छत पर जाना भी बंद कर चुके हैं। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है कि कहीं कोई बड़ा हादसा न हो जाए। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी लाइनमैन को दी गई, लेकिन उनकी ओर से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने कहा कि जब विभाग बिजली बिल वसूलता है, तो समस्याओं का समाधान करना भी उसकी जिम्मेदारी है। मंगलवार रात स्थिति और गंभीर हो गई, जब ट्रांसफार्मर से अचानक तेल रिसने लगा और तारों से चिंगारी निकलने लगी। इससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग भयभीत हो उठे। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अविलंब कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन तार को सुरक्षित दूरी पर शिफ्ट करने और ट्रांसफार्मर की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। इस मौके पर मो. कमरुद्दीन, मो. निजामुद्दीन, मो. नसरुद्दीन, मो. शमीमुद्दीन, मो. हासिम, मो. फहीम, मो. सहाबुद्दीन, मो. सत्तार, मो. मौसिम, मो. अहमद, मो. तसौर, मो. मतीम सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।





















Total Users : 864678
Total views : 2587134