ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से हुई मौत, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
News Scale Live | देवरिया
देवरिया जनपद के सलेमपुर कस्बा निवासी पीएसी जवान निसार अली अंसारी का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निसार अली अंसारी प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी ( पीएसी ) की अलीगढ़ स्थित 34वीं बटालियन में तैनात थे और वर्तमान में उनकी ड्यूटी मथुरा में चल रही थी। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ। उन्होंने साथियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह करीब 3 बजे उनका पार्थिव शरीर सलेमपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचा, जहां परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर आंख नम थी और पूरे इलाके में गमगीन माहौल रहा।
अंतिम संस्कार के दौरान पीएसी के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। इस मौके पर पुलिस प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, निसार अली अंसारी एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

















Total Users : 853238
Total views : 2571175