
न्यूज स्केल डेस्क, रांची/दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। 21 अक्टूबर को जारी पहली सूची में कांग्रेस ने फिलहाल 21 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक के कुछ घंटों के बाद यह सूची जारी की गई। इसमें प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य अजय कुमार और कुछ अन्य मंत्रियों के नाम हैं।
रामेश्वर उरांव को उनकी मौजूदा लोहरदगा सीट से एक बार फिर उम्मीदवार बनाया गया है। भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी अजय कुमार को जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। कुमार जमशेदपुर से लोकसभा सदस्य भी रह चुके हैं। राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री इरफान अंसारी को उनके वर्तमान क्षेत्र जामताड़ा से पुनः मैदान में उतारा गया है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता को जमशेदपुर पश्चिम से उम्मीदवार बनाया गया है।
मंत्री दीपिका पांडेय को महगामा से मिला टिकट
कृषि मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को महगामा से पुनः उम्मीदवार बनाया गया है। वह वर्तमान में इस सीट से विधायक हैं। कांग्रेस ने सत्तारूढ़ गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर जारी गतिरोध के बीच ये उम्मीदवार घोषित किए हैं। साथ ही कांग्रेस ने कहा है कि जल्द इसको लेकर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी कि कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा।
आरजेडी ने सीटों को लेकर नाराजगी जताई है
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस ने बीते शनिवार को घोषणा की थी कि दोनों दल राज्य की 81 विधानसभा सीट में से 70 पर चुनाव लड़ेंगे और बाकी सीट पर घटक के अन्य सहयोगी लड़ेंगे। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इस घोषणा पर नाराजगी जताते हुए रविवार को कहा था कि 12 से कम सीट उसे स्वीकार्य नहीं होंगी। इसके अलावा अगर अकेले चुनावी मैदान में उतरना पड़ा, तो उस स्थिति में भी वह ‘इंडिया’ गठबंधन की संभावनाओं को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। झामुमो, कांग्रेस और राजद विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) शामिल हैं। झारखंड में दो चरण में 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।
कांग्रेस उम्मीदवारों की सूची
जामताड़ा- डॉ. इरफान अंसारी, जरमुंडी बादल पत्रलेख, पोड़ैयाहाट प्रदीप यादव, महागामा दीपिका पांडे सिंह, बड़कागांव अंबा प्रसाद, रामगढ़ ममता देवी, मांडू जेपी पटेल, हजारीबाग मुन्ना सिंह, बेरमो कुमार जय मंगल सिंह, झरिया पूर्णिमा नीरज सिंह, बाघमारा जलेश्वर महतो, जमशेदपुर पूर्वी डॉ. अजय कुमार, जमशेदपुर पश्चिमी बन्ना गुप्ता, जगन्नाथपुर सोना राम सिंकू, खिजरी राजेश कच्छप, हटिया अजय नाथ शाहदेव, मांडर शिल्पी नेहा तिर्की, सिमडेगा भूषण तिर्की, कोलेबिरा नमन विक्सल कोंगाड़ी, लोहरदगा रामेश्वर उरांव, मनिका से रामचंद्र सिंह का नाम है जारी सूची में।
केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में सोनिया गांधी रहीं मौजूद
इससे पूर्व नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अलावा पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी विशेष रूप से उपस्थित मौजूद थीं। बैठक में संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मौजूद थे।