2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प; सिमरिया में विधिक सेवा प्राधिकार का विशेष शिविर, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और कानूनी हेल्पलाइन 15100 की दी गई जानकारी
सिमरिया (चतरा)। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह विरोधी दिवस 27 नवंबर के अवसर पर लोहरदगा ग्राम स्वराज्य संस्थान ने जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के सहयोग से चतरा जिले के 300 गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं 50 से अधिक विद्यालयों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया।
संस्था के जिला समन्वयक विकास गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ समुदाय, विद्यालय, पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करना और बच्चों के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही 2030 तक बाल विवाह मुक्त भारत का सपना साकार हो सकता है।

वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव तारकेश्वर दास के निर्देशन में शुक्रवार को सिमरिया प्रखंड मुख्यालय स्थित अनुसूचित जाति बालिका आवासीय उच्च विद्यालय में बाल विवाह के खिलाफ विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अधिकार मित्र सुबोध कुमार शर्मा एवं उमेश प्रसाद ने छात्राओं को बाल विवाह से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है तथा यह कानूनन अपराध है। मौके पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए कानूनी हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
दूसरी ओर, अधिकार मित्र सीता देवी द्वारा दुंदवा स्कूल एवं अंजली कुमारी द्वारा गर्ल्स हाई स्कूल बानासाडी में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


















Total Users : 1282673
Total views : 3158631