खरीफ विपणन मौसम 2026-27 की द्वितीय जिला स्तरीय बैठक; केंद्रों को राइस मिलों से जोड़ने और केंद्र चयन के प्रस्तावों पर चर्चा
चतरा। खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के तहत झारखंड राज्य धान अधिप्राप्ति कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर 26 नवंबर 2026 को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में द्वितीय जिला स्तरीय धान अधिप्राप्ति अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक में धान अधिप्राप्ति केंद्रों को राइस मिलों से संबद्ध करने और केंद्रों के चयन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि केंद्र के रूप में चयन के लिए प्रस्तावित संस्थाओं की भंडारण क्षमता, गोदाम की वर्तमान स्थिति और पीसीएसएपी के निर्धारित 16 बिंदुओं पर भौतिक सत्यापन कराया जाए। उन्होंने यह कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ तय मानकों के अनुरूप करने को कहा।
लैम्प्स, पैक्स और व्यापार मंडलों से मिले प्रस्तावों के भौतिक सत्यापन के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी और अंचल अधिकारी, टंडवा को निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी नीतू सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी लोकनाथ महतो, जिला कृषि पदाधिकारी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, जिला प्रबंधक एफसीआई (हजारीबाग-सह-चतरा) और प्रदूषण नियंत्रण पर्षद के क्षेत्रीय पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


















Total Users : 1281050
Total views : 3156042