नशाखोरी को बताया सामाजिक अभिशाप; ग्रामीणों से अफीम की खेती, सेवन और व्यापार के बहिष्कार का आह्वान, मौके पर पुलिस के जवान रहे मौजूद
कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड के मेदवाडीह गांव में मादक पदार्थों के सेवन और अफीम की अवैध खेती के खिलाफ नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्परिणाम बताते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी की अपील की गई।
अभियान में बताया गया कि नशाखोरी एक सामाजिक अभिशाप है, जो युवाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, भविष्य और पारिवारिक जीवन पर बुरा असर डालती है। नशे की लत से व्यक्ति आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर होता है, कई बार गलत गतिविधियों की ओर बढ़ जाता है, जिससे परिवार में कलह होती है और सामाजिक व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ता है।
ग्रामीणों को अफीम की अवैध खेती के दुष्परिणाम भी बताए गए। कहा गया कि अफीम की खेती और नशे का कारोबार समाज में हिंसा, अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है और पर्यावरण तथा मिट्टी की उर्वरता पर भी बुरा प्रभाव डालता है।
लोगों से अफीम की खेती, सेवन और व्यापार का बहिष्कार करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखकर बेहतर भविष्य बनाने में सहयोग की अपील की गई। मौके पर कुंदा थाना के एएसआई सुरेंद्र सिंह, नागेश्वर पंडित समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।


















Total Users : 1281050
Total views : 3156042