45 से अधिक प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चतरा का प्रतिनिधित्व करेंगे प्रथम विजेता
चतरा। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत बुधवार को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट सह प्रशिक्षण भवन सभागार में जिला स्तरीय गायन प्रतियोगिता सह स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त रवि आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 45 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर उपायुक्त रवि आनंद ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने झारखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति और पारंपरिक संगीत विरासत को संरक्षित रखने तथा नई पीढ़ी को इससे जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सुरीली प्रस्तुतियों से संगीतमय हुआ सभागार
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक गायन प्रस्तुतियां दीं। अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक प्रस्तुतियों से कलाकारों ने सभागार में मौजूद लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों और स्थानीय लोगों ने भी तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता के समापन पर निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन कर परिणाम घोषित किए। इसमें शिवम कुमार पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चंदन कुमार दूसरे और भीम कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शिवम करेंगे चतरा का प्रतिनिधित्व
प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले शिवम कुमार पाठक आगामी 26 एवं 27 नवंबर 2026 को रांची के होटवार स्थित राज्य संग्रहालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में चतरा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ एवं झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर 15 से 28 नवंबर 2026 तक स्थापना दिवस पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जिले में विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। गायन प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।



















Total Users : 1279973
Total views : 3154379