प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित अभियान में ग्रामीणों को बताए गए दुष्परिणाम और कानूनी पहलू; वैकल्पिक खेती अपनाने की सलाह, अवैध खेती की सूचना पुलिस-प्रशासन को देने की अपील
कुंदा (चतरा)। पोस्ता (अफीम) की अवैध खेती पर रोक लगाने को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ के नेतृत्व में जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को पोस्ता की खेती से दूर रहने की अपील की गई।
एसडीपीओ ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी के बहकावे व लालच में आकर पोस्ता की खेती न करें। उन्होंने कहा कि कम समय में अधिक कमाई के प्रलोभन में अपना भविष्य और परिवार की खुशहाली दांव पर न लगाएं। उन्होंने ग्रामीणों से प्रशासन के इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध खेती की जानकारी मिलने पर पुलिस एवं प्रशासन को सूचित करने की अपील की।
इस दौरान पोस्ता की खेती से होने वाले दुष्परिणाम एवं इसके कानूनी पहलुओं की भी जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों को वैकल्पिक खेती अपनाकर अपनी आजीविका को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान में सीओ दीपक मिश्रा, बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा, कुंदा थाना प्रभारी अमित कुमार, वन विभाग के कर्मी, प्रमुख प्रतिनिधि जयराम भारती, उपप्रमुख सत्येंद्र साव, कुंदा मुखिया मनोज साहू, नवादा मुखिया भरत यादव समेत पंचायतों के अन्य मुखियागण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
भरोसे की पहचान — न्यूज स्केल लाइव



















Total Users : 1256168
Total views : 3117827