शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम करने का निर्णय, 1 नवंबर से शुरू होगा कोचिंग के लिए पंजीयन
लोहरदगा। छोटानागपुरिया तेली समाज, लोहरदगा जिला समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक तेली धर्मशाला में जिला अध्यक्ष प्रो. शिवदयाल साहू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में समाज को मजबूत बनाने के साथ-साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि समाज की ओर से निर्धन छात्र-छात्राओं के लिए मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट स्तर की निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही छठ पर्व के बाद मेडिकल कैंप आयोजित कर अनुभवी चिकित्सकों के माध्यम से लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी। इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क कोचिंग का पंजीयन 1 नवंबर 2026 से शुरू होगा। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8210808141 पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में समाज के विस्तार के लिए सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। यह अभियान जिला स्तर के साथ-साथ गांवों में भी संचालित किया जाएगा। इसके लिए जिला समिति के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अगली बैठक में जिला समिति का पुनर्गठन करने पर भी सहमति बनी। इसमें सामाजिक उत्थान के विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले युवाओं को शामिल किया जाएगा। वहीं, सालगी पंचायत के लोगों के प्रस्ताव पर विचार करते हुए छठ पूजा के बाद पंचायत में तेली खिचड़ी कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसमें जिला समिति के पदाधिकारियों के साथ प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में 18 फरवरी 2027 को आयोजित होने वाले तेली महाधिवेशन की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसकी तैयारी के लिए प्रत्येक पखवाड़े के अंतिम रविवार को तेली धर्मशाला में बैठक कर विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक में प्रो. शिवदयाल साहू, सोहन साहू, विदेशी साहू, बिंदेश्वर साहू, कृष्णा साहू, मुकेश कुमार साहू, मुन्ना साहू, राम बिलास साहू, बजरंग साहू, दर्शन साहू, बिंदु साहू, रामचरण साहू, तेजू साहू, हीरालाल साहू, लखपति साहू सहित समाज के अनेक लोग उपस्थित थे।



















Total Users : 1245908
Total views : 3103281