पतरा टोली स्थित शांति आश्रम में लगाया गया नेत्र जांच शिविर, पहले दिन 115 लोगों की हुई जांच, 35 लोगों को मिला चश्मा
लोहरदगा। आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले चार माह से लगातार निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक हजारों लोगों को लाभ मिल चुका है। इसी कड़ी में सोमवार को पतरा टोली स्थित शांति आश्रम में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहले दिन 115 लोगों की आंखों की जांच की गई, जबकि लगभग 35 लोगों को चश्मा उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शरद चंद्र आचार्य, फाउंडेशन के सचिव सुनील अग्रवाल, संयोजक जयप्रकाश शर्मा, जिला परिषद उपाध्यक्ष विनोद उरांव एवं समाजसेवी गुप्तेश्वर गुप्ता ने श्रीफल फोड़कर किया।
इस अवसर पर शरद चंद्र आचार्य ने फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि अल्प समय में ही संस्था एक से बढ़कर एक जनकल्याणकारी कार्य कर रही है। इससे जिले के लोगों को विशेष लाभ मिल रहा है। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि फाउंडेशन भविष्य में भी इसी तरह समाजसेवा के नेक कार्य करती रहेगी।
फाउंडेशन के सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि मुंद्रिका बैंक्विट में आयोजित शिविर के दौरान कुछ लाभुकों को चश्मा उपलब्ध नहीं हो पाया था। अब उनके चश्मे उपलब्ध हो चुके हैं। संबंधित लाभुक बरवाटोली स्थित उनके प्रतिष्ठान पर पहुंचकर अपना चश्मा प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि शांति आश्रम में आयोजित दो दिवसीय शिविर के बाद अगला शिविर निगनी एवं आसपास के क्षेत्रों में लगाया जाएगा।
वहीं, फाउंडेशन के संयोजक जयप्रकाश शर्मा ने अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन जल्द ही लोहरदगा या रांची में एक विशाल शिविर आयोजित कर निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था भी करेगा। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा पहुंचाना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण किसी को उपचार से वंचित नहीं रहना पड़े। कार्यक्रम में शरद चंद्र आचार्य, सुनील अग्रवाल, जयप्रकाश शर्मा, विनोद उरांव, गुप्तेश्वर गुप्ता, सागर साहू, प्रदीप साहू, कपिल देव मिश्रा, गुड्डू राय सहित अन्य समाजसेवी उपस्थित रहे।


















Total Users : 1245914
Total views : 3103292