रात में हुई वारदात, सुबह पड़ोसियों ने देखा शव; एसपी बोले, पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म, दूसरे बेटे की तहरीर पर केस दर्ज
उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के दिलावलपुर मदरी मुरारपुर गांव में शराब के लिए पैसे न मिलने पर एक बेटे द्वारा अपनी 65 वर्षीय मां की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी राजू (36) को हिरासत में ले लिया है और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार क्या हुआ

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव की सावित्री देवी अपने बेटे राजू के साथ रहती थीं। वे विधवा थीं। बताया गया है कि राजू शराब का आदी है और अक्सर शराब के लिए मां से पैसे मांगता था, जिसे लेकर दोनों में झगड़ा होता रहता था। आरोप है कि चार दिन पहले उसने अपनी पत्नी से मारपीट की थी, जिसके बाद पत्नी के मायके वाले उसे अपने साथ ले गए।
ग्रामीणों का कहना है कि रात में राजू नशे की हालत में घर पहुंचा और मां से पैसे मांगने लगा। मना करने पर कहासुनी हुई। आरोप है कि रात करीब ढाई बजे उसने मां के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह पड़ोसियों ने चारपाई पर शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
घटना के बाद का घटनाक्रम
ग्रामीणों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी गांव के बाहर रामगंगा नहर के पास पहुंचा। वहां उसने एक दोस्त को फोन कर बुलाया और गंगा स्नान की बात कहकर उसके साथ उन्नाव के बक्सर स्थित चंद्रिका घाट चला गया। स्नान के बाद वह घर लौट आया और मां के शव को निहारता रहा। इसी दौरान पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। ग्रामीण यह देखकर स्तब्ध रह गए।
एसपी का बयान: पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे डायल 112 पर सूचना मिली थी कि सावित्री देवी की उनके बेटे राजू ने भारी वस्तु से सिर पर प्रहार कर हत्या कर दी है। सूचना पर बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में पता चला कि राजू शराब का आदी था और मां-बेटे के बीच विवाद होता रहता था। हिरासत में पूछताछ के दौरान राजू ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि रात ढाई बजे शराब के नशे में विवाद के बाद उसने फावड़े के पिछले हिस्से से वार कर मां की हत्या की। दूसरे पुत्र की तहरीर पर राजू के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान






















Total Users : 1227382
Total views : 3077600