आंध्र प्रदेश में खेले जाएंगे झारखंड के मुकाबले; चयन से जिले के क्रिकेट जगत में खुशी, जिला क्रिकेट एसोसिएशन ने दी बधाई
लोहरदगा (झारखंड)। जिले के युवा क्रिकेटर चैतन्य नारायण तिवारी का चयन बीसीसीआई की विनू मांकड़ ट्रॉफी (अंडर-19) के लिए झारखंड अंडर-19 वनडे टीम में हुआ है। इस सत्र में वह राज्य की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। झारखंड के मुकाबले आंध्र प्रदेश में खेले जाने हैं।
पहले भी खेल चुके हैं राज्य स्तर पर
चैतन्य इससे पहले झारखंड अंडर-16 टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। पिछले वर्ष वह झारखंड अंडर-19 टीम में भी खेल चुके हैं। राज्य स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद अंडर-19 वनडे टीम में जगह मिलना उनकी मेहनत और निरंतर अभ्यास का नतीजा माना जा रहा है।
शिक्षक पिता के बेटे हैं चैतन्य
चैतन्य के पिता चुन्नीलाल स्कूल में शिक्षक हैं। चैतन्य ने त्रिवेणी स्कूल, लोहरदगा से पढ़ाई की है। उनके चयन से जिले के क्रिकेट खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है।
एक और खिलाड़ी रहे कैंप में शामिल
लोहरदगा के एक अन्य युवा क्रिकेटर अभिषेक लहरी भी झारखंड अंडर-19 के 20 सदस्यीय कैंप में शामिल रहे हैं।
क्रिकेट एसोसिएशन और पूर्व खिलाड़ियों ने दी बधाई
लोहरदगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने चैतन्य को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकारी अध्यक्ष भास्कर दास गुप्ता, सचिव आलोक राय सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों ने भी चयन पर खुशी जताई। पूर्व क्रिकेटर आशीष कुमार, जयजीत चौबे, अजातशत्रु, दुर्गा प्रजापति, अभय वर्मा, जितेंद्र सहित अन्य खिलाड़ियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
“मेहनत और अनुशासन का परिणाम”: कोच
चैतन्य के कोच अमित कुमार ने कहा कि यह चयन मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रयास का परिणाम है। उन्होंने चैतन्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जिले के अन्य खिलाड़ियों से भी नियमित अभ्यास और बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करने की अपील की।
न्यूज स्केल लाइव – भरोसे की पहचान























Total Users : 1220294
Total views : 3067840