चौक पर जुटे आंदोलनकारियों से कुछ देर प्रभावित रहा यातायात, बाद में सभी को छोड़ा
चतरा (झारखंड) संवाददाता | झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा की ओर से आहूत संपूर्ण झारखंड बंद का चतरा में मिला-जुला असर देखने को मिला। बंद के दौरान शहर में स्थिति शांतिपूर्ण रही। हालांकि, बंद के समर्थन में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के नेता एवं आंदोलनकारी शहर के केसरी चौक पर एकत्रित हुए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
आंदोलनकारियों के सड़क पर जुटने की सूचना मिलने पर सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आंदोलनकारियों को हिरासत में लेकर सदर थाना पहुंचाया। कुछ देर थाना में रखने के बाद सभी आंदोलनकारियों को छोड़ दिया गया।

राजकीय सम्मान और पेंशन समेत कई मांगें उठाईं
इस दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान एवं अलग पहचान देने की मांग लंबे समय से की जा रही है। आंदोलनकारियों के बाल-बच्चों के लिए रोजी-रोजगार तथा नौकरियों में 100 प्रतिशत गारंटी देने की मांग भी उठाई गई।
वक्ताओं ने जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी आंदोलनकारियों को समान रूप से 50-50 हजार रुपये पेंशन देने, आंदोलनकारियों के आश्रितों की सरकारी नौकरियों में सीधी बहाली करने तथा दिशोम गुरु शिबू सोरेन को गजट नोटिफिकेशन के माध्यम से झारखंड आंदोलनकारियों का सर्वोच्च सम्मान देने की मांग की।
इसके अलावा छूटे हुए मूल आंदोलनकारियों के लिए झारखंड आंदोलनकारी चिह्नितीकरण आयोग के पुनर्गठन तथा झारखंड आंदोलनकारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांग भी आंदोलनकारियों ने प्रमुखता से उठाई। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर सरकार को आवश्यक कदम उठाना चाहिए, ताकि लंबे समय से आंदोलन से जुड़े लोगों एवं उनके परिवारों को उचित सम्मान और सुविधाएं मिल सकें।



















Total Users : 1210323
Total views : 3054290