Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

सुपारी देकर पति की हत्या कराने वाली पत्नी समेत सात गिरफ्तार, 10 लाख में हुआ था सौदा

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

जंगल में मिली थी लाश, पत्नी और ससुर ने रची थी साजिश — पुलिस ने कार, मोबाइल और नकदी की बरामदगी

झारखंड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र स्थित एकता जंगल से 23 सितंबर को बरामद पंकज उरांव के शव मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल मृतक की पत्नी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पंकज उरांव की हत्या की साजिश उसकी पत्नी अनिमा कुमारी ने अपने पिता के साथ मिलकर रची थी। हत्या के लिए कथित तौर पर 10 लाख रुपये देने की बात जांच में सामने आई है।

जंगल में मिला था अज्ञात शव

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह एकता जंगल में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची थी। बाद में शव की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी निवासी बिरजू उरांव ने अपने पुत्र पंकज उरांव के रूप में की। मृतक के पिता ने उसकी पत्नी और मायके पक्ष के लोगों पर हत्या कर शव जंगल में फेंकने का आरोप लगाया, जिसके बाद लेस्लीगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

पत्नी और ससुर ने रची साजिश, सुपारी किलर को दिए 10 लाख

पुलिस के मुताबिक, अनुसंधान के दौरान सामने आया कि अनिमा कुमारी ने अपने पिता के साथ मिलकर पंकज की हत्या कराने की योजना बनाई थी। आरोप है कि इसके लिए खामडीह निवासी तेतरी देवी और पिंटू कुमार को करीब 10 लाख रुपये दिए गए थे। पुलिस जांच में तेतरी देवी के बैंक खाते में करीब आठ लाख रुपये होने की जानकारी भी सामने आई है।

फोन पर बुलाकर सतबरवा में की हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने रिंकी देवी के माध्यम से पंकज से फोन पर बातचीत कराई और उसे मिलने के लिए सतबरवा बुलाया। वहां पहुंचने के बाद कथित रूप से उसकी हत्या कर शव को एकता जंगल में फेंक दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अनिमा कुमारी, पिंटू कुमार, तेतरी देवी, जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी, रामजनम उरांव और दिलेश्वर सिंह शामिल हैं। सभी पलामू जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।

कार, मोबाइल, नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का पोको मोबाइल, अन्य मोबाइल फोन, 12,850 रुपये नकद, बैंक पासबुक व चेकबुक तथा घटना में इस्तेमाल बताई गई सुजुकी कार (JH01EA0391) बरामद की है। पुलिस के अनुसार, बरामद मोबाइल और बैंक संबंधी दस्तावेज जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं।

पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। छापामारी दल में लेस्लीगंज-पांकी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सहायक अवर निरीक्षक बाबूलाल यादव, लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड और तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।

न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment