परिजनों ने दवा देने के बाद हालत बिगड़ने का लगाया आरोप, संचालक ने बताया अलग कारण
मयूरहंड (चतरा)। चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र के करमा चौक स्थित अपना मेडिकल हॉल में इलाज के बाद 18 माह के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। मृतक चौरिया गांव निवासी बिरजू कुमार रविदास का 18 माह का पुत्र था।
परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर बच्चे की तबीयत खराब होने पर उसे करमा चौक स्थित अपना मेडिकल हॉल ले जाया गया। वहां संचालक अरुण कुमार ने बच्चे का इलाज कर दवा दी। परिजनों का आरोप है कि दवा देने के बाद बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर पास रखे गमले में गिर गया। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग ले गए, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
शव लेकर मेडिकल हॉल पहुंचे परिजन
घटना के बाद परिजन बच्चे का शव लेकर अपना मेडिकल हॉल पहुंचे और प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने पर मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू की।
बच्चे की मौत से पिता बिरजू कुमार रविदास और मां सदमे में हैं। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मेडिकल हॉल संचालक अरुण कुमार ने परिजनों के आरोप से अलग जानकारी दी। फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्हें बच्चे की मौत बाल्टी में डूबने से होने की जानकारी दी गई थी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बच्चे की मौत इलाज के बाद हुई या किसी अन्य कारण से, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। समाचार लिखे जाने तक परिजन बच्चे का शव थाना ले जाने के लिए तैयार नहीं थे।




















Total Users : 1191611
Total views : 3028258