दो दिन से नहीं लौटा घर, परिजनों ने रिश्तेदारों व परिचितों के यहां की तलाश; पुलिस ने शुरू की खोजबीन
हंटरगंज(चतरा)। थाना क्षेत्र के नागर गांव से 13 वर्षीय किशोर के लापता होने का मामला सामने आया है। पढ़ाई को लेकर मां की डांट से नाराज होकर घर से निकला किशोर दो दिन बाद भी वापस नहीं लौटा है। परिजन रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार उसकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार, किशोर सोमवार की सुबह करीब चार बजे घर से निकल गया। परिजनों के मुताबिक, पढ़ाई में मन नहीं लगाने को लेकर उसकी मां ने उसे डांट लगाई थी। इसके बाद वह नाराज होकर घर से चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
परिजनों ने आसपास के गांवों के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी तलाश की, लेकिन किशोर का पता नहीं चल सका। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे के लापता होने के बाद से वे काम छोड़कर उसकी तलाश में जुटे हैं। परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से घर में भी चिंता का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी
काफी खोजबीन के बाद परिजन मंगलवार को हंटरगंज थाना पहुंचे और पुलिस को आवेदन दिया। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर किशोर की खोजबीन की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किशोर कहीं दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अथवा परिजनों को सूचना दें, ताकि उसे सुरक्षित घर पहुंचाया जा सके।





















Total Users : 1185128
Total views : 3019298