जर्जर पावर ग्रिड भवन में जान जोखिम में डालकर ड्यूटी कर रहे बिजलीकर्मी
भंडरा। भंडरा प्रखंड के उदरंगी गांव स्थित पावर ग्रिड भवन की स्थिति इन दिनों बेहद जर्जर हो गई है। वर्ष 2008 में निर्मित इस भवन की छत से जगह-जगह पानी टपक रहा है। बारिश के दौरान ग्रिड में तैनात बिजलीकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं।
छत से टपकता पानी, करोड़ों के उपकरणों पर मंडरा रहा खतरा
ग्रिड भवन में लगे महंगे और महत्वपूर्ण इलेक्ट्रिक उपकरणों के ऊपर से लगातार पानी टपकने से इनके खराब होने का खतरा बना हुआ है। यदि पानी विद्युत उपकरणों के संपर्क में आया तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। भवन की दीवारों में सीलन आ गई है और कई जगहों पर प्लास्टर भी उखड़ चुका है।
ग्रिड में तैनात कर्मियों के अनुसार, बारिश के मौसम में पूरी रात जागकर ड्यूटी करनी पड़ती है। उन्हें डर बना रहता है कि कहीं जर्जर छत का कोई हिस्सा अचानक गिर न जाए। कर्मियों के रहने के लिए बनाया गया आवास भी काफी जर्जर हो चुका है, बावजूद इसके वे वहां रहने को विवश हैं।
भैंसमुंदो से ग्रिड तक का रास्ता बना दलदल
पावर ग्रिड तक पहुंचने के लिए भैंसमुंदो से होकर जाने वाला कच्चा रास्ता भी बरसात में बदहाल हो गया है। रास्ते में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और घुटने भर तक कीचड़ जमा है। हालत ऐसी है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रिडकर्मियों को अब मुख्य रास्ते से पहुंचना मुश्किल होने के कारण टांगरा टोली के खेतों और पगडंडियों के रास्ते होकर ग्रिड तक जाना पड़ रहा है। इससे उन्हें करीब पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। खासकर रात के समय किसी फॉल्ट की सूचना मिलने पर इस दुर्गम रास्ते से ग्रिड तक पहुंचना कर्मियों के लिए बेहद जोखिम भरा साबित हो रहा है।
मरम्मत और सड़क निर्माण की मांग
बिजलीकर्मियों ने जर्जर ग्रिड भवन की तत्काल मरम्मत कराने, आवास की स्थिति सुधारने तथा भैंसमुंदो से पावर ग्रिड तक पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। कर्मियों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।






















Total Users : 1134145
Total views : 2957971