Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

एसआईआर : दावा आपत्ति के क्रम में सुनवाई की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

 

*एसआईआर : दावा आपत्ति के क्रम में सुनवाई की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक*

 

*सुनवाई के लिए निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर वांछित दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के लिए मतदाताओं से की अपील*

 

लोहरदगा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के क्रम में आगामी 24 अगस्त से दावा एवं आपत्तियों पर सुनवाई प्रारंभ होने जा रही है। इसे लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री संदीप कुमार मीना ने शनिवार को संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सुनवाई के पूर्व आवश्यक तैयारियों का अनुश्रवण किया।

 

उपायुक्त ने सुनवाई से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूर्ण दक्षता, गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि एसआईआर से संबंधित दावा एवं आपत्ति से जुड़े मामलों की नियमानुसार सुनवाई का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।

 

बैठक में प्रखंडवार प्रपत्र-6 एवं प्रपत्र-8 के संग्रहण और डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही, सुनवाई से संबंधित मामलों में नोटिस के निर्गमन एवं उसके वितरण की अद्यतन प्रगति की भी समीक्षा की गई।

 

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने स्तर से सुनवाई कार्य से जुड़ी टीमों के साथ तैयारी एवं समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित कर लें।

 

बैठक के दौरान होम-टू-रोल वेरिफिकेशन, “फेमिली टुगेदर” वाले स्टिकर पेस्टिंग सहित भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त अन्य निर्देशों के आलोक में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए।

 

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में दावा एवं आपत्ति की सुनवाई के लिए निर्धारित स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को सुनवाई की तिथि के साथ-साथ पूर्व से ही यह जानकारी हो कि उन्हें अपने मामले की सुनवाई के लिए किस स्थान पर उपस्थित होना है।

 

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े प्रत्येक कार्य में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि पात्र नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने जिले के आम मतदाताओं से भी अपील की कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उनकी सक्रिय एवं सकारात्मक भूमिका अपेक्षित है। उन्होंने अपील की कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं वे नोटिस में वर्णित सुनवाई के लिए निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर वांछित दस्तावेजों के साथ मतदाता जरूर उपस्थित रहें।

 

बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी अमित कुमार, सभी अतिरिक्त सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment