Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

मोरशेरवा पहाड़ी मंदिर महोत्सव का सांसद ने किया उद्घाटन

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

मंदिर विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन, गया ट्रेन के ठहराव और पत्थलगड़ा में बाइपास सड़क की कही बात

पत्थलगड़ा (चतरा)। हर वर्ष की तरह सावन सप्तमी के अवसर पर चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड अंतर्गत नावाडीह-बाजोबार स्थित मोरशेरवा पहाड़ी मंदिर महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को सांसद कालीचरण सिंह ने विधिवत फीता काटकर किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आया।

उद्घाटन के बाद सांसद कालीचरण सिंह ने कहा कि मोरशेरवा पहाड़ी मंदिर चतरा जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां का प्राकृतिक और मनोरम दृश्य लोगों को आकर्षित करता है। दूर-दराज से श्रद्धालु यहां पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उन्होंने मंदिर के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

सांसद ने कहा कि नावाडीह गांव का जल्द ही विकास होगा। गया से चलने वाली ट्रेन का यहां ठहराव होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने पत्थलगड़ा में बाइपास सड़क निर्माण की दिशा में भी पहल करने की बात कही।

मुकदमा वापस लेने की मांग

मंदिर समिति के सदस्यों ने सांसद के समक्ष मंदिर निर्माण के दौरान वन विभाग द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे को वापस कराने की मांग रखी। इस पर सांसद ने वन विभाग के वरीय पदाधिकारियों से बातचीत कर मामले में आवश्यक पहल करने और मुकदमा वापस लेने का आग्रह करने का आश्वासन दिया।

इससे पूर्व मंदिर समिति के सदस्यों ने सांसद को बुके भेंट कर स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

तीन दिवसीय आयोजन में उमड़े श्रद्धालु

मंदिर समिति के संरक्षक मेघन दांगी ने बताया कि सावन सप्तमी के अवसर पर यहां कई वर्षों से मेला आयोजित होता आ रहा है। तीन दिवसीय कार्यक्रम के तहत पहले दिन कलश यात्रा, दूसरे दिन अखंड हरिकीर्तन और तीसरे दिन भव्य मेला आयोजित किया जाता है। मेले में खेल-तमाशे, ब्रेक डांस और झूले सहित विभिन्न आकर्षण श्रद्धालुओं और ग्रामीणों के लिए उपलब्ध रहते हैं।

मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में खीर का वितरण किया गया। रात में भव्य भक्ति जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।

मोरशेरवा पहाड़ी मंदिर में अष्टभुजी माता, शिवलिंग, महाकाली माता, महालक्ष्मी माता, संकटमोचन हनुमान एवं भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमाएं स्थापित हैं। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, जिला परिषद सदस्य रामसेवक दांगी, उपप्रमुख संगीता कुमारी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment