प्रखंड कार्यालय से लेकर पंचायत सचिवालयों तक होगा ध्वजारोहण, साफ-सफाई व व्यवस्था पर भी हुई चर्चा
गिद्धौर। प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभागार में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अनीता यादव ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव ने किया। बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले झंडोत्तोलन कार्यक्रम की तैयारियों के साथ विभिन्न सरकारी संस्थानों में झंडोत्तोलन के समय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से विभिन्न स्थानों पर झंडोत्तोलन का समय निर्धारित किया गया। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रखंड कार्यालय में सुबह 9:15 बजे, सिंगल विंडो गिद्धौर में 9:30 बजे, थाना परिसर गिद्धौर में 9:45 बजे तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर में 9:50 बजे झंडोत्तोलन किया जाएगा।
इसी प्रकार बारीयातू, गिद्धौर, पहरा, दुवारी, मंझगांवा एवं बारीसाखी पंचायत सचिवालय में सुबह 9:35 बजे ध्वजारोहण होगा। वहीं गंगा स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय गिद्धौर में सुबह 10 बजे तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका उच्च विद्यालय गिद्धौर में 10:15 बजे झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समारोह से संबंधित तैयारियां समय पर पूरा करने को कहा गया।
मौके पर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री, गिद्धौर मुखिया निर्मला देवी, जिला परिषद प्रतिनिधि बालेश्वर यादव, बीपीओ बिनोद कुमार गुप्ता, गंगा स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. कृष्ण कुमार टिंकू, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन रीना कुमारी, प्रखंड समन्वयक नाजिर अख्तर, पंचायत सचिव प्रियंका प्रिया सहित प्रखंड कर्मी एवं कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।






















Total Users : 1115962
Total views : 2933494