Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के साथ मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा, प्रशासन ने तय की कार्ययोजना

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

15 अगस्त समारोह की रूपरेखा हुई अंतिम, दावा-आपत्ति के समयबद्ध निष्पादन और निष्पक्ष मतदाता सूची तैयार करने के दिए निर्देश

न्यूज स्केल संवाददाता
सिमरिया (चतरा)। सिमरिया अनुमंडल प्रशासन ने शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठकों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस-2026 की तैयारियों और मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की। अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी प्रदीप कुमार महतो की अध्यक्षता में आयोजित बैठकों में एक ओर 15 अगस्त के प्रखंड स्तरीय समारोह की विस्तृत रूपरेखा तय की गई, वहीं दूसरी ओर मतदाता सूची में दावा-आपत्ति, नोटिस तामील और सुनवाई की प्रक्रिया को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद ने किया। इस दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

15 अगस्त का कार्यक्रम निर्धारित

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8:30 बजे नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद अनुमंडल कार्यालय एवं डाड़ी चौक स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

इसके उपरांत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समयानुसार ध्वजारोहण होगा—

  • सुबह 9:00 बजे – अनुमंडल कार्यालय
  • 9:15 बजे – प्रखंड कार्यालय
  • 9:30 बजे – पुलिस निरीक्षक कार्यालय
  • 9:45 बजे – सिमरिया थाना
  • 10:00 बजे – रेफरल अस्पताल
  • 10:15 बजे – गांधी स्मृति मैदान
  • 10:30 बजे – बीआरसी कार्यालय

इसके अतिरिक्त सभी पंचायतों, विद्यालयों एवं सरकारी संस्थानों में भी ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह 11:00 बजे मुरवे स्थित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित होगा।

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पर विशेष जोर

बैठक के दूसरे चरण में 26-सिमरिया (अजा.) विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी एईआरओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देश दिया कि दावा-आपत्ति, नोटिस की तामील, सुनवाई और लंबित मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार हो सके।

बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment