राम मंदिर चंदे से जुड़े विवाद पर सफाई दे रहे थे सांसद, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उठाए सवाल
नई दिल्ली। पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर हंगामा करते हुए सांसद के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहीं और जूता फेंक दिया। घटना के दौरान सांसद ने खुद युवक को पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना उस वक्त हुई, जब पप्पू यादव अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे के कथित गबन के मुद्दे को लेकर अपने खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और सांसद के खिलाफ बयानबाजी करने लगा। पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि युवक ने उनके साथ धक्का-मुक्की करने की कोशिश की और उसके पास चाकू भी था। हालांकि, पुलिस की ओर से चाकू के संबंध में जांच किए जाने की बात कही गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच सांसद ने युवक को पकड़ा
हंगामा बढ़ने पर पप्पू यादव ने युवक को अपनी पकड़ में ले लिया। सांसद का आरोप है कि युवक ने उन्हें धमकाया और जूता भी फेंका। मौके पर मौजूद लोगों ने युवक को पकड़कर बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पप्पू यादव ने कहा कि वह धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने अपने खिलाफ पहले से दर्ज शिकायतों और प्राथमिकी का जिक्र करते हुए कहा कि यदि कोई उन्हें नुकसान पहुंचाना चाहता है तो वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।
राम मंदिर चंदे को लेकर नाटक के बाद बढ़ा विवाद
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले सांसद ने दावा किया कि अयोध्या के राम मंदिर में दिए गए चढ़ावे के कथित गबन को लेकर किए गए उनके नुक्कड़ नाटक के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें अपशब्द कहे जा रहे हैं और जान से मारने की धमकी तक दी जा रही है।
इस नाटक में पप्पू यादव ने साधु का रूप धारण किया था और विपक्षी दलों के कुछ नेताओं ने भी इसमें हिस्सा लिया था। इस प्रदर्शन को लेकर भाजपा, हिंदू संगठनों और संत समाज की ओर से नाराजगी सामने आई थी। इसी विवाद के सिलसिले में उनके खिलाफ बनारस में प्राथमिकी दर्ज होने की बात भी सामने आई है।
वकील ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद पप्पू यादव के अधिवक्ता ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना था कि पिछले कुछ दिनों से सांसद को कथित तौर पर धमकियां मिलने की शिकायतें की जा रही थीं और पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की गई थी।
अधिवक्ता के मुताबिक, सुरक्षा को लेकर आश्वासन मिलने के बावजूद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौके पर पर्याप्त पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे। उन्होंने सवाल उठाया कि मीडियाकर्मियों की मौजूदगी वाले कार्यक्रम में कथित तौर पर चाकू जैसी वस्तु लेकर कोई व्यक्ति कैसे पहुंच गया।
युवक की पहचान सुमित के रूप में
पुलिस के अनुसार, सांसद के आवास पर पहुंचे युवक की पहचान सुमित के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर का रहने वाला बताया गया है। आरोप है कि उसने पप्पू यादव की ओर जूता फेंका, जिसके बाद उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। युवक के पास चाकू होने के दावे की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, युवक को सौंपे जाने के दौरान उसके साथ एक चाकू भी पुलिस को दिया गया था।
पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर बताया कि संतों के अपमान को लेकर उसके मन में नाराजगी थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस उद्देश्य से सांसद के आवास तक पहुंचा और घटना के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या समूह की भूमिका थी या नहीं।























Total Users : 1107666
Total views : 2922293