चौपारण: भावी पीढ़ी को एक सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य देने के संकल्प के साथ शुक्रवार को रानीक मोड़ स्थित ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल में एक भव्य पौधरोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस ‘हरित अभियान’ के तहत स्कूल परिसर में 200 पौधे रोपे गए, जिनमें 100 फलदार और 100 सागवान के पौधे शामिल हैं। इस पहल के जरिए विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और पर्यावरण को बचाने का जीवंत संदेश दिया गया।
कम से कम 5 पौधे लगाने की अपील
अभियान के दौरान विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य नंदकिशोर कुमार ने पर्यावरण की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “वृक्ष केवल प्रकृति की शोभा नहीं, बल्कि हमारे जीवन का असली आधार हैं। आज हमारे द्वारा लगाया गया एक-एक पौधा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और सुरक्षित कल देगा।” इसके साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपने-अपने घरों के आसपास कम से कम पांच फलदार पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की भावुक अपील की।
प्रबंधन और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी
इस सराहनीय पहल की विद्यालय के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह एवं सचिव सर्वजीत कुमार सिंह ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की और पूरी टीम के प्रयासों को सराहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में एडमिन हेड प्रमोद कुमार सिंह (छोटू सिंह) और लेखापाल आशीष कुमार के साथ-साथ विद्यालय के सभी शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर अजीत कुमार सिंह, शुभम कुमार, अंकित कुमार, संगीत कुमार, सौरभ कुमार, विवेकानंद कुमार, मेहविश अशरफ, मानसी मोदी, मीना हेम्ब्रम, अंजली राणा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएं और नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी मौजूद रहे।

सिर्फ रोपण नहीं, संरक्षण भी है जरूरी
ज्ञान कुंज इंटरनेशनल स्कूल की इस मुहिम ने न केवल पौधे लगाने बल्कि उनके जीवित रहने और संरक्षण की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि प्रकृति की रक्षा करना और पौधों की नियमित देखभाल करना हम सभी का साझा कर्तव्य है।























Total Users : 1222925
Total views : 3071371