लोहरदगा: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) झारखंड प्रदेश के उपाध्यक्ष अजात शत्रु ने लोहरदगा में युवक शुभम साहू की गोली मारकर की गई हत्या की कड़ी निंदा करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और ऐसी घटनाएं आम लोगों में भय का माहौल पैदा कर रही हैं।
शुक्रवार को अजात शत्रु श्मशान घाट पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत शुभम साहू को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में भारतीय जनता युवा मोर्चा पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
अजात शत्रु ने प्रशासन से मांग की कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें कठोर से कठोर दंड दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस तरह की जघन्य घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े करती हैं। उन्होंने दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए।




















Total Users : 1104061
Total views : 2917231