चार भूमि विवादों का मौके पर हुआ शांतिपूर्ण निपटारा, शेष मामलों पर होगी कार्रवाई
सिमरिया (चतरा): सिमरिया थाना परिसर में शुक्रवार को एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में ‘थाना दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, आपसी रंजिश एवं अन्य समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
थाना दिवस में कुल 7 मामले सामने आए, जिनमें दोनों पक्षों की मौजूदगी में 4 गंभीर भूमि विवादों का मौके पर ही शांतिपूर्ण निपटारा कर दिया गया। प्रशासन की इस पहल से फरियादियों ने राहत की सांस ली।
थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि शेष 3 मामलों को समीक्षा के लिए सुरक्षित रखा गया है। आवश्यक जांच के बाद इन मामलों में भी जल्द कानूनी प्रक्रिया पूरी कर निष्पादन किया जाएगा।
एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने भूमि एवं आपसी विवादों के मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक शुक्रवार को नियमित रूप से थाना दिवस आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों को छोटे-मोटे विवादों के समाधान के लिए बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर राजस्व अंचल निरीक्षक अमर लाल, अमीन रविंद्र कुमार, शिवनाथ राम, पुलिसकर्मी विकास कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं फरियादी उपस्थित रहे।





















Total Users : 1104061
Total views : 2917231