डीएमएफटी मद से एक करोड़ की लागत से बनेंगे पेवर ब्लॉक, पीसीसी सड़क और नाली
टंडवा (चतरा): टंडवा प्रखंड के मिश्रौल साप्ताहिक बाजार टांड़ परिसर का जल्द ही सौंदर्यीकरण किया जाएगा। शुक्रवार को स्थानीय जिला परिषद सदस्य देवती देवी, सांसद प्रतिनिधि ईश्वर दयाल पाण्डेय, मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद सिंह, मिश्रौल मुखिया सुबेश राम तथा उपप्रमुख जितेन्द्र सिंह ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
बताया गया कि यह निर्माण कार्य चतरा सांसद कालीचरण सिंह एवं स्थानीय विधायक उज्ज्वल दास के निर्देश पर जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) योजना मद से लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। निर्माण एजेंसी के रूप में जिला परिषद, चतरा कार्य का निष्पादन करेगी।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बाजार परिसर में पेवर ब्लॉक, पीसीसी सड़क एवं नाली निर्माण कराया जाएगा, जिससे बाजार क्षेत्र अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनेगा। साथ ही व्यापारियों एवं आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा बरसात के दिनों में जलजमाव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
संवेदक महावीर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे बाजार क्षेत्र का स्वरूप बदलेगा और आने वाले समय में लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर बिमला देवी, बनवारी साव, दुलार साहू, गजेंद्र साव, प्रयाग राम, प्रमोद सिंह, रविन्द्र सिंह, पूनम देवी, शमीम अंसारी, महेंद्र साहू, विजय साव, रबिन्द्र सिंह सहित अनेक ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




















Total Users : 1104061
Total views : 2917231