2 साल तक परिवार को बताया ऑस्ट्रेलिया में है; 15 फीट गहरे गड्ढे से मिला शव
गुजरात के जामनगर जिले में दो वर्ष पहले लापता हुए युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसकी पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी। आरोपियों ने पहले शराब में साइनाइड मिलाकर युवक की हत्या की और फिर शव को 12 से 15 फीट गहरे गड्ढे में दफनाकर करीब दो वर्षों तक पूरे मामले को छिपाए रखा।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जिग्नेश धर्मेशभाई मावडिया के रूप में हुई है। दो वर्ष पहले उनके लापता होने की शिकायत सिटी बी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिग्नेश की पत्नी पृथ्वी और नीलेश मनसुखभाई कचेटिया के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों ने मिलकर जिग्नेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने जिग्नेश को शराब में साइनाइड मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों शव को जामनगर के दरेड इलाके स्थित एक किराए की फैक्ट्री में ले गए और वहां पहले से खोदे गए 12 से 15 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे।
हत्या के बाद पत्नी पृथ्वी लगातार परिवार को यह कहकर गुमराह करती रही कि जिग्नेश नौकरी के लिए ऑस्ट्रेलिया गया है। उसने यह भी दावा किया कि जिस कंपनी में वह काम करता है, वहां मोबाइल फोन रखने की अनुमति नहीं है। इसी बहाने उसने करीब दो वर्षों तक परिवार को भ्रम में रखा।
मामले में उस समय नया मोड़ आया जब मृतक के भाई अशोक मावडिया ने जिग्नेश से सीधे बात कराने की जिद की। जब पत्नी टालमटोल करने लगी और पुलिस के पास जाने की बात उठी तो उसका व्यवहार संदिग्ध हो गया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा हो गया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने दरेड स्थित फैक्ट्री में फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई कराई, जहां से इंसानी शरीर के अवशेष बरामद किए गए। अवशेषों को वैज्ञानिक जांच के लिए भेज दिया गया है, ताकि उनकी पहचान और अन्य साक्ष्यों की पुष्टि की जा सके।
पुलिस ने पत्नी पृथ्वी और उसके प्रेमी नीलेश मनसुखभाई कचेटिया के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है।






















Total Users : 1102859
Total views : 2915593