Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

कानून-व्यवस्था की आईजी ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, अपराध और नशा तस्करी पर सख्ती के निर्देश

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

अवैध अफीम कारोबारियों की संपत्ति होगी जब्त, पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की बनाई रणनीति

चतरा: बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को चतरा जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, नक्सल गतिविधियों तथा एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। समाहरणालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, अपराधियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पुलिसिंग को अधिक परिणामोन्मुख बनाने के लिए कई अहम निर्देश दिए।

चतरा पहुंचने पर आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा को समाहरणालय परिसर में आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद समाहरणालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें रामगढ़ एवं चतरा जिले के वरीय एवं कनीय पुलिस पदाधिकारी, सभी पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) और थाना प्रभारी शामिल हुए।

बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनुसंधान की गुणवत्ता, लंबित मामलों के निष्पादन, संगठित अपराध, नशा तस्करी तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।

लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर दिया जोर

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि संगठित अपराध और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े लंबित मामलों की बिंदुवार समीक्षा की गई है। उन्होंने बताया कि इससे पहले हजारीबाग जिले की भी समीक्षा की जा चुकी है और अब पूरे बोकारो प्रक्षेत्र में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिस अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नशा तस्करों के पूरे नेटवर्क पर होगी कार्रवाई

आईजी ने कहा कि झारखंड के कई जिलों में अवैध अफीम की खेती और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने चतरा पुलिस द्वारा हाल के दिनों में की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि अब केवल गिरफ्तारी करना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करना पुलिस की प्राथमिकता होगी।

उन्होंने कहा कि अवैध अफीम की खेती, नशीले पदार्थों की तस्करी और संगठित अपराध में शामिल लोगों की चल एवं अचल संपत्तियों की पहचान कर उन्हें जब्त (सीज) करने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा ताकि अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति को कानून के दायरे में लाकर अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ी जा सके।

बार-बार अपराध करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने दो टूक कहा कि जो अपराधी लगातार कानून तोड़ रहे हैं, उनके खिलाफ कानून के सभी प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अपराध में शामिल लोगों से मुख्यधारा में लौटने की अपील करते हुए कहा कि अपराध का रास्ता अंततः विनाश की ओर ले जाता है, जबकि समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना हर नागरिक का दायित्व है।

नशा उन्मूलन में समाज से मांगा सहयोग

उन्होंने कहा कि नशा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं बल्कि सामाजिक चुनौती भी है। इसलिए पुलिस कार्रवाई के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे नशा उन्मूलन अभियान में पुलिस का सहयोग करें तथा अपने आसपास होने वाली अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

आईजी ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पुलिस अधिकारियों को दिए कई अहम निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान आईजी ने अनुसंधान की गुणवत्ता सुधारने, प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित करने, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने, वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने, संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्ती बढ़ाने, खुफिया तंत्र को मजबूत करने तथा आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही चतरा पुलिस द्वारा संगठित अपराध, अवैध अफीम की खेती और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि केवल कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि अपराध के पूरे नेटवर्क को समाप्त करने की रणनीति पर काम करें।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब, चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन, टंडवा एसडीपीओ प्रभात कुमार रंजन, रामगढ़ एवं चतरा जिले के सभी पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी तथा अन्य वरीय एवं कनीय पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, संगठित अपराध पर प्रभावी नियंत्रण तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के समूल उन्मूलन के लिए समन्वित, समयबद्ध और परिणामोन्मुख कार्रवाई पर विशेष बल दिया गया।

— न्यूज स्केल लाइव | भरोसे की पहचान

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment