सपना होटल के पास हुआ हादसा, घायल को हजारीबाग रेफर
इटखोरी (चतरा): इटखोरी थाना क्षेत्र में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौपारण थाना क्षेत्र के मध्यगोपाली गांव निवासी ललन कुमार साव एवं बबलू कुमार साव इटखोरी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सपना होटल से लगभग 20 मीटर आगे एक अज्ञात अनियंत्रित हाईवा ने उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ललन कुमार साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बबलू कुमार साव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही इटखोरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एएसआई राजेश राम ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद ललन कुमार साव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल बबलू कुमार साव की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मृतक ललन कुमार साव चौपारण थाना क्षेत्र के मध्यगोपाली गांव निवासी तोखलाल साव के पुत्र थे, जबकि घायल बबलू कुमार साव उसी गांव के संजीवन साव के पुत्र हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के बाद फरार अज्ञात हाईवा और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।






















Total Users : 1096459
Total views : 2906630