खेत में रोपा व बिचड़ा उखाड़ने के दौरान तीन महिलाओं को जहरीले सांपों ने डसा
सदर अस्पताल में इलाज जारी; बरसात में सतर्कता बरतने की अपील
लोहरदगा। जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में बरसात के मौसम के साथ ही सर्पदंश की घटनाओं में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को खेत में धान रोपाई और बिचड़ा उखाड़ने के दौरान तीन अलग-अलग स्थानों पर महिलाओं को जहरीले सांपों ने डस लिया। सभी पीड़ितों का लोहरदगा स्थित सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पहली घटना: नारी गांव में दुलारी देवी को रसल वाइपर ने डसा
नारी गांव निवासी दुलारी देवी (पति–दिलीप सहाय) रविवार को खेत में धान रोपाई के लिए बिचड़ा उखाड़ रही थीं। इसी दौरान बिचड़े में छिपे जहरीले रसल वाइपर सांप ने उनके हाथ में डस लिया। सांप के डसते ही महिला घबराकर खेत में ही गिर पड़ीं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर किया, लेकिन परिजनों के अनुरोध पर सदर अस्पताल में ही उनका इलाज जारी रखा गया। चिकित्सकों की देखरेख में अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
दूसरी घटना: बमनडीहा की गीता उरांव सर्पदंश का शिकार
लोहरदगा थाना क्षेत्र के ग्राम बमनडीहा की रहने वाली 25 वर्षीया गीता उरांव (पति–देवदीप भगत) को खेत में धान रोपाई (रोपा) करने के क्रम में जहरीले सांप ने डस लिया। परिजनों द्वारा तत्काल उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
तीसरी घटना: कुडू की बिलचेन टोप्पो को रोपा रोपने के दौरान सांप ने काटा
कुडू थाना क्षेत्र के सुकमार गांव निवासी 45 वर्षीया बिलचेन टोप्पो (पति–दानियल टोप्पो) भी खेत में रोपा रोपने के दौरान जहरीले सांप का शिकार हो गईं। परिजनों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किसानों से सतर्कता की अपील
चिकित्सकों एवं प्रशासन ने बरसात के दिनों में खेतों में काम करने वाले किसानों और मजदूरों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। खेतों में काम करते समय गमछा, डंडा और सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी गई है ताकि ऐसी अनहोनी से बचा जा सके।






















Total Users : 1267094
Total views : 3134247