हत्या की आशंका पर छह घंटे तक एनएच-22 जाम, डॉग स्क्वॉड पहुंचा; वैज्ञानिक जांच में जुटी पुलिस
जोरी/चतरा। चतरा जिले के वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना क्षेत्र के घंघरी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर से महज 500 मीटर दूर घंघरी हाई स्कूल के समीप एनएच-22 चतरा–डोभी मुख्य पथ किनारे झाड़ियों के पास एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। सुबह टहलने निकले ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों, परिजनों और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान मुकेश यादव (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय महाबीर यादव, निवासी घंघरी गांव के रूप में हुई। वे प्रतापपुर हाई स्कूल में कंप्यूटर शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनकी अचानक मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों के अनुसार, सोमवार की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच मुकेश यादव अपनी मोटरसाइकिल से दोस्तों से मिलने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। मंगलवार सुबह सड़क किनारे झाड़ियों के पास उनका शव और मोटरसाइकिल मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मुकेश यादव की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं गहन जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा–डोभी मुख्य पथ (एनएच-22) को जाम कर दिया। करीब छह घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शनकारी मृतक के आश्रित परिवार को उचित मुआवजा, दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष व त्वरित जांच की मांग पर अड़े रहे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी निखिल गौरव, डीएसपी सुनील कुमार, पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार, वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने डॉग स्क्वॉड टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया। हालांकि टीम ने बताया कि रात में हुई बारिश के कारण स्पष्ट सुराग मिलने में कठिनाई हो रही है। इसके बावजूद पुलिस ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
प्रशासन के आश्वासन के बाद करीब छह घंटे पश्चात ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फॉरेंसिक जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि हत्या, दुर्घटना अथवा अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
मुकेश यादव अपने पीछे पत्नी और छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे घंघरी गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का शीघ्र खुलासा कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
























Total Users : 1087092
Total views : 2893537