विधिक जागरूकता शिविर में कुरीतियों व नशे के खिलाफ दिया गया संदेश
गुमला। झालसा के निर्देशानुसार चल रहे 90 दिवसीय गहन जागरूकता अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) गुमला एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में गुमला प्रखंड कार्यालय सभागार में विधिक सेवा सह सशक्तिकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 104 लाभुकों के बीच लगभग 54 लाख रुपये की परिसंपत्तियों, प्रमाण-पत्रों एवं स्कूली बच्चों के बीच साइकिल का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गुमला अजीत कुमार सिंह ने लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया। उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार समाज के कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने वाला एक महत्वपूर्ण वैधानिक संस्थान है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक या अन्य कारणों से न्याय से वंचित न रहे।

उन्होंने महिलाओं से बाल विवाह, मानव तस्करी और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक होकर समाज को भी जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थाना, पंचायत और प्रखंड स्तर पर पैरा लीगल वॉलंटियर नियुक्त हैं, जो जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा उपलब्ध रहते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रामकुमार लाल गुप्ता ने कहा कि डीएलएसए आम जनता और प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों में पंचायत के माध्यम से समझौता कर मामलों को दबाने की प्रवृत्ति गलत है और इसे रोकना आवश्यक है।
उन्होंने युवाओं और किशोरियों को मोबाइल का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर निजी तस्वीरें साझा करने से बचना चाहिए, क्योंकि उनका दुरुपयोग हो सकता है। उन्होंने सर्पदंश की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि बरसात के मौसम में लोग जमीन पर सोने से बचें और सांप काटने पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल जाकर एंटी-वेनम उपचार कराएं। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक चोपड़ा ने प्रखंड में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन स्थायी लोक अदालत के सदस्य शंभू सिंह ने किया। इस अवसर पर अंचल अधिकारी हरीश कुमार, संजय सुरीन, डीएलएसए के प्रकाश कुमार पांडेय, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, जेएसएलपीएस की दीदियां, दिव्यांगजन, लाभुक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
।
















Total Users : 1114177
Total views : 2931031