Homeबिहारझारखंडदेश-विदेशमनोरंजनखेलक्राइमशिक्षाराजनीतिहेल्थराशिफल
---Advertisement---

झारखंड अग्निशमन सेवा को मिली नई ताकत, 58 आधुनिक मिनी वाटर टेंडर का लोकार्पण

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

मिस्ट टेक्नोलॉजी से लैस नए अग्निशमन वाहन संकरी गलियों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचेंगे; मुख्यमंत्री बोले— नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

न्यूज स्केल संवाददाता
रांची। झारखंड में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बुधवार (6 अगस्त) एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, गृह रक्षा वाहिनी, धुर्वा (रांची) में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड अग्निशमन सेवा के बेड़े में 58 आधुनिक मिनी वाटर टेंडर विद मिस्ट टेक्नोलॉजी का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल नए वाहनों का शामिल होना नहीं, बल्कि राज्य के नागरिकों के जीवन, संपत्ति और सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आग की घटनाओं में प्रत्येक क्षण अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। यदि अग्निशमन दल समय पर घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दे तो मानव जीवन और संपत्ति को बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि झारखंड के शहरी क्षेत्रों की संकरी गलियों, घनी आबादी वाले इलाकों और ग्रामीण-दूरस्थ क्षेत्रों की भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ये आधुनिक और कॉम्पैक्ट मिनी वाटर टेंडर बेहद उपयोगी साबित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में फायर सेफ्टी की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। कई बार लोग आग लगने की घटनाओं पर स्थानीय स्तर पर अपने तरीके से नियंत्रण पाने का प्रयास करते हैं, जिससे नुकसान और बढ़ जाता है। ऐसे में आधुनिक तकनीक से लैस अग्निशमन संसाधनों की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मिस्ट टेक्नोलॉजी आधारित अग्निशमन प्रणाली का प्रदर्शन भी किया गया। इस तकनीक के माध्यम से कम पानी में भी आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है, जिससे जल संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और आपात स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाना संभव होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कई क्षेत्रों में बड़ी फायर ब्रिगेड गाड़ियां संकरी सड़कों और गलियों के कारण नहीं पहुंच पाती थीं। अब नए मिनी वाटर टेंडर ऐसे स्थानों तक भी आसानी से पहुंच सकेंगे, जिससे आग लगने की घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि अग्निशमन विभाग के जवान केवल आग बुझाने का ही कार्य नहीं करते, बल्कि अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा भी करते हैं। ऐसे साहसी जवानों को आधुनिक उपकरण और अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने अग्निशमन सेवा के सभी अधिकारियों और जवानों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य झारखंड को अधिक सुरक्षित, सशक्त और आपदा-प्रतिरोधी राज्य बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि आधुनिक अग्निशमन वाहनों के शामिल होने से राज्य की फर्स्ट रिस्पांस क्षमता मजबूत होगी और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को समय पर राहत एवं सुरक्षा मिल सकेगी।

कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल, फायर सर्विसेज के डीजी एम.एस. भाटिया, डीजीपी तदाशा मिश्रा सहित पुलिस एवं गृह विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment