Home बिहार झारखंड देश-विदेश मनोरंजन खेल क्राइम शिक्षा राजनीति हेल्थ राशिफल
---Advertisement---

वन विभाग ने काटी बायपास सड़क, 12 गांवों की जिंदगी थमी

---Advertisement---
WhatsApp Group Join Now

ट्रेंच से 5 हजार लोग परेशान, स्कूली बच्चे जान जोखिम में डालकर कर रहे आवागमन; ग्रामीणों ने सड़क खोलने की उठाई मांग

कुंदा (चतरा)। कुंदा प्रखंड के अखरा-जगरनाथपुर-टिकैतबांध मुख्य सड़क पर वन विभाग द्वारा पौधारोपण के नाम पर ट्रेंच काट दिए जाने से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। कुंदा का बायपास मानी जाने वाली इस सड़क के बंद होने से करीब पांच हजार ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे बिना वैकल्पिक व्यवस्था के लिया गया मनमाना फैसला बताया है।

ग्रामीणों के अनुसार चार दिन पूर्व वन विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के सड़क पर ट्रेंच खोदकर आवागमन रोक दिया। इससे अखरा, टिकैतबांध, टिकुलिया, पचरुखिया, नावाडीह, जगरनाथपुर, मोहनपुर, कुंदा, कुशुमभा, चुटिघाट, ककहिया समेत 12 से अधिक गांवों के लोगों का संपर्क प्रभावित हो गया है। अब प्रतापपुर, चतरा और बिहार जाने के लिए लोगों को लगभग 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है। बच्चे ट्रेंच के ऊपर लकड़ी रखकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए स्कूल आने-जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुंदा-प्रतापपुर मुख्य सड़क जाम होने की स्थिति में इसी बायपास सड़क से वाहनों का आवागमन होता था, लेकिन अब यह रास्ता भी पूरी तरह बंद हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का उपयोग कई पीढ़ियों से किया जा रहा है। मनरेगा योजना के तहत इस पर मिट्टी, मोरम और हार्ड सर्फेस का कार्य भी कराया गया था। इसके बावजूद वन विभाग ने सड़क काटकर लोगों की आवाजाही बाधित कर दी। फिलहाल ग्रामीण ट्रेंच पर लकड़ी डालकर किसी तरह आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन कर रहे हैं।

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने कुंदा पंचायत की मुखिया सह मुखिया संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार साहू एवं पूर्व उपमुखिया सतेन्द्र कुमार सिंह से मुलाकात कर हस्तक्षेप की मांग की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आश्वासन दिया कि वे उपायुक्त, सांसद, विधायक तथा वन विभाग के अधिकारियों से मिलकर ट्रेंच हटवाने और जल्द से जल्द सड़क पर आवागमन बहाल कराने की मांग करेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पौधारोपण के लिए वैकल्पिक भूमि का चयन किया जाए तथा आम लोगों की सुविधा को देखते हुए इस महत्वपूर्ण सड़क को तत्काल खोलकर आवागमन बहाल कराया जाए।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment