मंदिर परिसर की सफाई, अवैध शराब बिक्री पर रोक, रोपवे और तड़ित चालक लगाने सहित कई प्रस्तावों पर चर्चा
हंटरगंज (चतरा)। विश्व प्रसिद्ध मां कौलेश्वरी धाम के समग्र विकास, श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार एवं मंदिर परिसर की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शनिवार को हंटरगंज प्रखंड कार्यालय सभागार में कौलेश्वरी प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी सह कौलेश्वरी प्रबंधन समिति के सचिव ऋतिक कुमार ने की। बैठक में पिछली बैठक के प्रस्तावों की समीक्षा के साथ आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित कौलेश्वरी महोत्सव के आयोजन पर विस्तृत चर्चा की गई। समिति ने महोत्सव को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सभी तैयारियां समय पर शुरू करने पर बल दिया।
बैठक में मंदिर परिसर एवं कौलेश्वरी पर्वत के आसपास फैली गंदगी पर चिंता व्यक्त की गई। इस पर अंचलाधिकारी ऋतिक कुमार ने निर्देश दिया कि गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों को नोटिस जारी किया जाएगा। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर संबंधित दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
समिति की बैठक में कौलेश्वरी धाम की तलहटी में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। सदस्यों ने धार्मिक स्थल के आसपास शराब की बिक्री पर रोक लगाने तथा नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण मिल सके।
बैठक में मंदिर से कुएं तक जाने वाले मार्ग की जर्जर स्थिति पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग करते हुए कहा कि गड्ढों के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
वज्रपात से होने वाले नुकसान को देखते हुए कौलेश्वरी पर्वत पर तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने का प्रस्ताव भी रखा गया। समिति ने बताया कि इसके अभाव में मंदिर परिसर के विद्युत उपकरण बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाते हैं, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
बैठक में लंबे समय से लंबित रोपवे परियोजना को भी प्राथमिकता के साथ उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि रोपवे निर्माण होने से श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी और कौलेश्वरी धाम धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में नई पहचान प्राप्त करेगा। इसके लिए सांसद एवं विधायक से पहल करने की अपील की गई।
इसके अलावा मंदिर परिसर में नियमित साफ-सफाई के लिए सफाईकर्मी की नियुक्ति, प्रबंधन समिति के कार्यालय भवन का निर्माण, क्षतिग्रस्त पुजारी आवास के जीर्णोद्धार, अतिरिक्त चौकीदार की नियुक्ति सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में समिति के सदस्य कमल कुमार केसरी, कौशलेंद्र कुमार सिंह, मिथिलेश श्रीवास्तव, कालेश्वर यादव, अमरिंदर केसरी, अशर्फी सिंह, सविता पांडे, मुखिया बसंती, पन्ना दीपा भारती, मदन चौधरी, पिंटू सिंह, रामजी यादव सहित कई सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
























Total Users : 1069370
Total views : 2868112